May 25, 2026 9:59 am

English

हिन्दी

Search
Close this search box.

ट्रांसपोर्ट मंत्री रहते 30.24 करोड़ का घोटाला किया कांग्रेस प्रधान वड़िंग ने

क्रांतिहैडलाइन (ब्यूरो):पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अब आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के टारगेट पर आ गए हैं। वड़िंग के ट्रांसपोर्ट मंत्री रहते बसों की बॉडी को लेकर 30.24 करोड़ के घपले के आरोप लगाए जा रहे हैं। पंजाब में सस्ती बॉडी होने के बावजूद वड़िंग के मंत्री रहते राजस्थान के जयपुर स्थित कंपनी से बॉडी लगवाई गई। इसके लिए ज्यादा रुपए खर्च किए गए। वहीं बसों को राजस्थान भेजने पर भी करीब डेढ़ करोड़ का डीजल खर्च हुआ।

वड़िंग ने तत्कालीन CM चरणजीत चन्नी के साथ नई बसों को हरी झंडी देकर रवाना किया था

840 बसों की बॉडी लगाने पर खर्चे 100.80 करोड़
राजा वड़िंग पिछली CM चरणजीत चन्नी की अगुआई वाली कांग्रेस सरकार में 3 महीने ट्रांसपोर्ट मंत्री रहे। इस दौरान पंजाब रोडवेज और PRTC के लिए 840 बसें खरीदी गई। जिनकी बॉडी राजस्थान की कंपनी से लगवाई गई। राजस्थान की कंपनी ने एक बस की बॉडी के बदले 12 लाख रुपए लिए। इस तरह कुल 100.80 करोड़ रुपए खर्च किए गए।

भदौड़ की कंपनी 3 से 4 लाख सस्ती लगा रही थी
ट्रांसपोर्टर सन्नी ढिल्लो ने कहा कि मैंने RTI में जानकारी निकलवाई। इसमें पता चला कि भदौड़ की हरगोबिंद कोच और गोबिंद कोच ने सरकार को 8.40 लाख और 8.25 लाख रुपए की कोटेशन दी थी। इसके बावजूद मंत्री राजा वड़िंग ने बसों को बॉडी लगवाने के लिए राजस्थान भेजा। इस तरह एक बस की बॉडी लगवाने के लिए 3 से 4 लाख रुपए ज्यादा खर्च किए गए।

2018 में कांग्रेस सरकार ने पंजाब से लगवाई थी बॉडी
सन्नी ढिल्लो ने कहा कि 2018 में पंजाब के भदौड़ से ही PRTC की 100 बसों पर बॉडी लगवाई गई थी। उस वक्त प्रति बस 7.10 लाख रुपए खर्च किए गए। उस वक्त भी पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी। राजा वड़िंग की जगह रजिया सुल्ताना ट्रांसपोर्ट मंत्री थी।

बसों की आवाजाही पर 1.51 करोड़ फूंके
पंजाब के लिए खरीदी बसों को बॉडी लगवाने के लिए राजस्थान भेजा गया। इस दौरान उनके लिए डीजल खरीदने पर 1.51 करोड़ रुपए खर्च किए गए। अगर यही बॉडी भदौड़ से लगाई जाती तो डीजल का भी पैसा बचता।

वड़िंग बोले- जांच के लिए तैयार
इस मामले में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि वह किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं। मैं हर रडार झेलने को तैयार हूं। यह राजनीतिक बदलाखोरी है क्योंकि सिर्फ पूर्व मंत्रियों को टारगेट किया जा रहा। 99% काम वही होता है, जो अफसर कहते हैं। फिर इस मामले में अफसरों की भी जांच होनी चाहिए।

Kranti Headline
Author: Kranti Headline

Total Page Visits: 288 - Today Page Visits: 1

Leave a Comment

Read More