क्रांतिहैडलाइन:पंजाब के जालंधर जिले की कमिश्नरेट पुलिस ने आज सुबह-सुबह शहर के उन इलाकों में छापामारी की, जो नशे के लिए बदनाम हैं। पुलिस के करीब 400 जवानों और अधिकारियों ने पौ फटने से पहले ही काजी मंडी से लेकर सूर्य एनक्लेव तक के घरों में दस्तक दी और जिन घरों पर शक था, उनकी गहनता से तलाशी ली।

पुलिस ने छापामारी पूरी प्लानिंग के साथ की। छापामारी से पहले टीमें बनाई गईं, जिनका प्रभार डीसीपी, एडीसीपी रैंक के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस इंस्पेक्टरों को सौंपा गया। बहुत ही गुपचुप तरीके से अधिकारियों को उनके छापामारी के इलाके बांटे गए। इसके बाद पुलिस ने घरों में अपना छापामारी अभियान चलाया।
छापामारी में मौजूद जवानों को अंतिम समय तक यह तक मालूम नहीं था कि छापामारी करने के लिए कहां जाना है। सुबह का समय और फुल प्रूफ सिस्टम इसलिए अपनाया गया, ताकि सूचना लीक न हो पाए। पुलिस ने काजी मंडी, रेलवे स्टेशन, सूर्य एनक्लेव में चैकिंग अभियान चलाया। काजी मंडी के इलाके को घेराबंदी की गई, ताकि नशा तस्कर भाग न सकें।
अभियान में करीब 10 जीओ रैंक के अफ़सर और 400 के करीब मुलाजिम थे। एडीसीपी सुहेल मीर ने बताया कि छापामारी नशे की तस्करी को लेकर की गई है। हमें नशे को लेकर लोगों को समझाना है कि वह इस लत से खुद को जल्द से जल्द अलग कर लें। पुलिस अब किसी भी नशा तस्कर को छोड़ेगी नहीं, सभी पर जल्द नकेल कसी जाएगी।

शहर में पुलिस को छापामारी के दौरान कितना नशा मिला है, कितने लोगों को नशे के साथ पकड़ा है, इसका अभी तक अधिकारियों ने कोई खुलासा नहीं किया है, लेकिन इतना जरूर बताया है कि 5 लोगों को राउंडअप किया है। पूछे जाने पर सिर्फ इतना कहा कि जो भी बरामदगी होगी, जितने भी लोग पकड़े जाएंगे, इसकी सारी जानकारी मीडिया को उपलब्ध करवा दी जाएगी।

सौ महिला पुलिस कर्मचारी भी थी शामिल
छापामारी में डीसीपी जरकिरण सिंह तेजा, हरपाल सिंह, एडीसीपी गुरबाज सिंह, हरप्रीत सिंह बेनीपाल भी शामिल थे। 400 में 100 के करीह महिला पुलिस कर्मचारी थीं। छापामारी के लिए 17 टीमों का गठन किया गया था और जिस क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाया गया, वहां पर 12 मुख्य पॉइंट्स पर नाकाबंदी की गई थी।
पुलिस 26 को ड्रग्स के खिलाफ निकालेगी रैली
एडीसीपी सुहेल मीर और डीसीपी जगमोहन सिंह ने बताया कि छापामारी के दौरान पुलिस ने सिर्फ एक ही काम नहीं किया, बल्कि लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया। नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया। दोनों अधिकारियों ने बताया कि साथ 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधी दिवस पर (international Anti-drugs & Anti-drug trafficing day) पर एक साइकिल रैली भी निकाली जाएगी। यह शहर के अलग-अलग इलाकों से होते हुए पुलिस लाइन पहुंचेगी ।खबरें और भी हैं…





