अमरिंदर सिंह ने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य के गांवों में कोरोना वायरस के खिलाफ फैलाए जा रहे दुष्प्रचार की निंदा करने के बजाए अपने राजनीतिक एजेंडा को बढ़ावा दे रही है।

चंडीगढ़। पंजाब में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार जारी है। वहीं इस घातक बीमारी को लेकर राजनीति भी अपने उफान पर है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच बयानबाजी का दौर चल रहा है। अमरिंदर सिंह ने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य के गांवों में कोरोना वायरस के खिलाफ फैलाए जा रहे दुष्प्रचार की निंदा करने के बजाए अपने राजनीतिक एजेंडा को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा महामारी से सफलतापूर्वक निपटने के आप के दावों को भी खारिज कर दिया। प्रदेश के आप के नेताओं पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें ‘उनके (सिंह) खिलाफ निजी हमला पर ध्यान केंद्रित करने के बजाए राज्य के गांवों में असामाजिक तत्वों द्वारा महामारी के बारे में फैलाए जा रहे दुष्प्रचार अभियान की निंदा करनी चाहिए।’ मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि यह दिखाता है कि आप राज्य में अपने राजनीतिक एजेंडा को आगे बढ़ाने के लिए किस हद तक नीचे जा सकती है, जहां वह लोगों का भरोसा पूरी तरह गंवा चुकी है। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का कथित तौर पर अंग निकाल लेने समेत कई अफवाहों के कारण पंजाब सरकार के समक्ष बड़ी चुनौती खड़ी हो गयी है। सरकार ने अफवाहों की काट के लिए शुक्रवार को जागरूकता अभियान शुरू किया। आम आदमी पार्टी (आप) पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभूतपूर्व संकट के समय पार्टी के नेता साथ मिलकर काम करने की बात करते हैं लेकिन महामारी को लेकर दुष्प्रचार फैलाने के अभियान को वे नजरअंदाज कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 को लेकर लोगों के बीच डर कायम करने और दुष्प्रचार फैलाने के इरादे से संभवत: पाकिस्तान से आए फर्जी वीडियो पर आप ने एक शब्द नहीं कहा। ऐसा वीडियो प्रसारित करने के लिए आप के एक कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के बारे में एक शब्द नहीं कहा गया।





