
अमृतसर। कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) ने विजयदशमी पर अपना जन्मदिन मनाया। जन्मदिन मनाने के लिए वह चमरंग रोड स्थित झुग्गियों में पहुंचे और जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। सिद्धूू का बर्थडे (Navjot Singh Sidhu Birthday) कुछ दिन पहले था, लेकिन उन्होंने आज इसे मनाया। इस दौरान सिद्धू ने कृषि कानूनों पर भी टिप्पणी की। कहा कि कृषि सुधार कानूनों को नाम पर केंद्र सरकार रोटी को जरूरी वस्तुओं से बाहर कर गई है। सिद्धू ने कृषि सुधार कानूनों पर पीएम मोदी को भी घेरा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अंबानी और अडानी का शुभचिंतक बताया। कहा किसानों की बात न सुनने वालों का पतन निश्चित है। उन्होंने कहा कि सरकारी मंडियों में ऑनलाइन खरीद होती थी फिर ये कानून लाने की जरूरत क्या थी। यह कानून बड़े घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए लाया गया है। पूर्व स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि पंजाब की जीएसटी भी केंद्र सरकार दबा कर बैठी है। किसानों का हक़ छीनने की कोशिश की जा रही है। आने वाले समय मे भुुखमरी आएगी और रोटी, कपड़ा, मकान मुश्किल हो जाएगा। अनाज गरीबो की पहुंच से बाहर हो जाएगा। नवजोत सिद्धू ने कहा कहा पंजाब देश का अन्न भंडार भर रहा है और यहीं के किसानों को मार झेलनी पड़ रही है। बता दें, लंबे समय तक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखने के बाद अब नवजोत सिंह सिद्धूू पूरी तरह से सक्रिय हैं। कृषि कानूनों के मुद्दे पर वह किसानों के साथ धरने पर भी बैठे थे। राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा के दौरान हालांकि उन्होंंने अपने संबोधन में अपनी की राज्य सरकार को घेरने का प्रयास किया, लेकिन बाद में विधानसभा में वह कैप्टन सरकार के साथ नजर आए। सदन में कृषि बिलों पर बोलने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू को फोन किया था। यही कारण है कि विधान सभा में प्रस्ताव पेश करने के बाद सिद्धू पहले ऐसे वक्ता थे, जिन्होंने अपने विचार रखे थे।





